Israel General Elections : नेतन्याहू गठबंधन 57 सीटों के साथ आगे, फिर भी बहुमत के आंकड़े से दूर
तेल अवीव । इजराइल में संसदीय चुनाव (Israel parliamentary elections) के बाद वोटों की गिनती जारी है। अब तक 41.9% वोटों की गिनती में नेतन्याहू गठबंधन 57 सीटों के साथ आगे है।
वहीं, गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 47 सीटें मिलती दिख रही हैं। अरब पार्टियों के जॉइंट लिस्ट और राम को मिलाकर 16 सीटें मिलने का अनुमान है।
इजराइली संसद में कुल 120 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 61 सीटें जरूरी हैं। चुनाव से पहले ओपिनियन पोल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की हार का अनुमान जताया गया था।
द टाइम्स ऑफ इजराइल और द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय चुनाव समिति ने बताया कि नेसेट (संसद) के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में लगभग 56.9 लाख लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया है। 'अक्टूबर काउंसिल' ने बनने वाली नई सरकार से कार्यकाल के पहले दिन ही नरसंहार की जांच के लिए एक 'राज्य जांच आयोग' (स्टेट कमीशन ऑफ इन्क्वायरी) गठित करने की मांग की है।
सुबह 5:58 बजे तक 41.9% वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। केंद्रीय चुनाव समिति ने बताया कि नेतन्याहू समर्थक गुट को 57 सीटें और नेतन्याहू विरोधी गुट को 47 सीटें मिली हैं। बाकी 16 सीटें अन्य दलों के खातों में गई हैं। समिति ने कहा कि मतगणना चल रही है। नतीजों में बदलाव संभव है। सैनिकों सहित उन लोगों के वोट जो दोहरे लिफाफों (डबल एनवेलप) में डाले गए थे, उनकी गिनती बाद में की जाएगी।
ट्रंप ने कहा, 'मेरे समर्थन का मिला फायदा'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि इजराइली संसद (नेसेट) के चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को उनके समर्थन (एंडोर्समेंट) से काफी फायदा मिला। ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "जब मैंने नेतन्याहू का समर्थन किया, तो पूरा माहौल ही बदल गया।"
