home page

अंकिता भंडारी मर्डर केस: माता- पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, बाद में छोड़ा

- भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाने का विरोध कर रहा अंकिता का परिवार
 | 
 इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के माता- पिता से मिलने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी मर्डर केस में न्याय की मांग कर रहे उसके माता पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया।


नई दिल्ली ।  उत्तराखंड के अंकिता भंडारी मर्डर केस में न्याय की मांग को लेकर इंडिया गेट पर धरना दे रहे उसके माता- पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया।  गुरुवार सुबह इंडिया गेट से करीब 3:45 बजे अंकिता के माता पिता को हिरासत में ले लिया गया था। करीब दो घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। अंकिता के माता पिता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं। 

इससे पहले बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंडिया गेट पहुंच कर अंकिता भंडारी के माता पिता से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने परिवार की न्याय की मांग के प्रति समर्थन जताया।

बता दें कि उत्तराखंड की 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास एक रिजॉर्ट में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था। हालांकि, परिवार मामले में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहा है।

परिवार का विरोध भाजपा के नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने को लेकर भी है। परिजनों ने मांग की है कि कथित वीआईपी पहलू की जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।