लखनऊ: BJP कार्यालय में घुसे 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी , पुलिस से धक्का-मुक्की और नोकझोंक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी में गुरुवार को 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भाजपा कार्यालय में घुस गये। वहां उन्होंने जमीन पर लेट की प्रदर्शन किया। अपने सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहनकर अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की।
इस दौरन पुलिस और अभ्यर्थियों में धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया। अभ्यर्थी 2018 की भर्ती में आरक्षण का लाभ देने और 5% छूट के आधार पर संशोधित चयन सूची जारी करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है’ और ‘पिछड़ा आयोग ने माना है-आरक्षण घोटाला है’ जैसे नारे लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय से हटाने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल थे।
