लखीमपुर- खीरी: स्कूल में घुसकर महिला टीचर की हत्या, हमलावर युवक ने खुद को भी गोली से उड़ाया
लखीमपुर- खीरी जिले एक स्कूल में घुसकर युवक ने महिला टीचर की गोली मार कर हत्या कर दी । इसके बाद हमलावर ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया।
लखीमपुर- खीरी। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर- खीरी जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक युवक ने स्कूल में घुसकर महिला टीचर की गोली मार कर हत्या कर दी फिर खुद भी गोली मारकर जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक कि नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद साउद (28) सोमवार को शाहपुरा कोठी चौराहा सिथत चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल आया था। यहां पर वह पहली मंजिल के कॉरिडोर में पहुंचा तो उसकी मुलाकात स्कूल की शिक्षिका निशात फातिमा (26) से हुई। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद अचानक साउद ने अपनी पिस्तौल निकाली और शिक्षिका को गोली मारकर हत्या कर दी।
शिक्षिका को गोली मारने के तुरंत बाद उसने अपनी कनपटी पर रखकर गोली चला दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में विद्यालय के बच्चों और स्टॉफ सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) अंजनी कुमारी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ख्याति गर्ग पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
स्कूल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
इस पूरी घटना में सबसे बड़ा सवाल स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है। आरोपित साउद स्कूल का कोई स्टॉफ नहीं था, बल्कि बाहरी था। ऐसे में एक बाहरी व्यक्ति असलहा (पिस्तौल) लेकर स्कूल के गेट से होते हुए क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? गेट पर उसे पूछताछ के लिए क्यों नहीं रोका गया? इस घोर लापरवाही ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है और स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में ला खड़ा किया है। पुलिस इन सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। (हि.स.)
