चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के चलते UP के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ । चक्रवाती तूफान 'अर्नब' (Cyclonic storm 'Arnab) का असर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिख सकता है। मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर अलर्ट जारी किया है। 28 से 31 अक्टूबर तक चक्रवात के असर से प्रभावित होने वाले जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया गया है।
माैसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश के राहत आयुक्त कार्यालय ने सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी की है । साथ ही मौसम के संभावित बदलाव को देखते हुए राहत-बचाव की तैयारियां भी शुरु कर दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 अक्टूबर को पूर्वांचल के कई जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में में येलो अलर्ट है ।
इन जिलाें में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलगे दिन 29 अक्टूबर को भी कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है। इस दिन भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गयी है। इसके अलावा भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी होने की जानकारी मिली है।
माैसम विभाग ने 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के जिलों में बारिश का अनुमान लगाया है, जबकि बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश की संभावना है। बारिश के चलते दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट की संभावना जतायी गयी है।
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी है और पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है। इसके अलावा खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह देते हुए बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान और जलाशयों के पास जाने से बचने के लिए कहा है। किसानों को भी फसल और कृषि उपज सुरक्षित रखने की सलाह दी गयी है। साथ ही पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है। (हि.स.)
