home page

Asian Games 2026 : भारतीय तीरंदाजों का जलवा, दो गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

- चिकिता-साहिल को मिला 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक का कोटा 
 | 
ज्योति, चिकिता, पृथिका ने रचा इतिहास, भारत ने जीता कंपाउंड तीरंदाजी का स्वर्ण

भारतीय तीरंदाजों ने सटीक निशाना साधकर जापान के नागोया में चल रहे  एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। एक ही दिन में महिला कंपाउंड और मिक्स्ड टीम इवेंट में भारतीय तीरंदाजों ने दो गोल्ड मेडल जीते। 

 

खेल डेस्क। भारतीय तीरंदाजों ने सटीक निशाना साधकर एशियन गेम्स में बुधवार को दो गोल्ड मेडल अपने नाम किये। पहला गोल्ड महिला कंपाउंड टीम में आया। उसके बाद मिक्स्ड टीम इवेंट में भी सोना मिला।

सुबह भारतीय टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराया। करीब एक घंटे बाद चिकिता तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव की जोड़ी ने मिक्स्ड फाइनल में कोरिया को टाई ब्रेक में हराया। चिकिता ने इस एडिशन में दूसरा गोल्ड जीता है।

गोल्ड जीतने वाली महिला टीम में ज्योति सुरेखा, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप शामिल हैं। फाइनल में पृथिका और ज्योति का हर शॉट निशाने पर लगा। सोना जीतने के साथ चिकिता-साहिल को 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक कोटा मिल गया।

पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और अंत तक अपनी बढ़त कायम रखी। भारत ने पहले चरण के बाद 60-58 की बढ़त बनाई, जो दूसरे चरण के बाद 119-116 और तीसरे चरण के बाद 178-175 हो गई। अंतिम चरण में भारतीय तीरंदाजों ने लगातार सटीक निशाने लगाकर चीन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

चिकिता-साहिल ने शूटआउट में जीता स्वर्ण

वहीं मिक्स्ड टीम इवेंट में भारतीय तीरंदाज चिकिता तनीपर्थी और साहिल जाधव ने एशियन खेल 2026 में कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।

भारतीय जोड़ी ने बुधवार को रोमांचक फाइनल में दक्षिण कोरिया को शूटआउट में हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक की कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के लिए कोटा भी हासिल कर लिया।

निर्धारित मुकाबले के अंत में भारत और दक्षिण कोरिया का स्कोर 157-157 से बराबर था, जिसके बाद शूटआउट का सहारा लिया गया। निर्णायक चरण में चिकिता और दक्षिण कोरिया की पार्क ने 10-10 अंक हासिल किए, जबकि साहिल ने भी 10 का निशाना लगाया। दक्षिण कोरिया के चोई ने 9 अंक हासिल किए और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। चिकिता और साहिल ने शुरुआती चार तीरों में सभी पर 10 अंक हासिल किए और पहला चरण 40-39 से अपने नाम किया। दूसरे चरण में भी भारत ने लगातार चार 10 अंक लगाते हुए मध्यांतर तक 80-78 की बढ़त बना ली।