home page

Asian Games 2026: भारत को 18वां गोल्ड, गोल्फर प्रणवी उर्स और तीरंदाज कुमकुम ने रच दिया इतिहास

- भारत मेडल टैली में 5वें स्थान पर पहुंचा
 | 
गोल्ड मेडल विजेता गोल्फर प्रणवी उर्स
जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 18 गोल्ड मेडल जीत लिए।  शनिवार को गोल्फर प्रणवी उर्स और तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद भारत को दो गोल्ड मेडल जिताए। 

आइची-नागोया । जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स (Asian Games 2026) में भारत ने 18 गोल्ड मेडल जीत लिए।  शनिवार को प्रणवी उर्स ने गोल्फ के विमेंस इंडिविजुअल स्ट्रोक प्ले में गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले 17 वर्षीय तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को शूट-ऑफ में 6-5 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।  

गोल्ड मेडल विजेता तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोद


 मैसूर में जन्मी गोल्फर प्रणवी अंतिम दौर से पहले 15 अंडर 195 के स्कोर के साथ शीर्ष पर थीं और उनके पास सिंगापुर की शैनन शुआन यिन टैन पर तीन शॉट की बढ़त थी। चीन की रुओनिंग यिन तीसरे स्थान पर थीं।

हालांकि अंतिम दौर की शुरुआत प्रणवी के लिए मुश्किल रही। तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के कारण उनकी बढ़त पर खतरा मंडराने लगा। इसी दौरान रुओनिंग यिन ने बर्डी हासिल की, जबकि टैन ने शुरुआती तीन होल में दो बोगी की। इससे चीन की खिलाड़ी फिर से स्वर्ण पदक की दौड़ में मजबूत स्थिति में आ गईं।

प्रणवी ने हालांकि शानदार वापसी करते हुए छठे, 10वें और 13वें होल पर बर्डी हासिल की और फिर से बढ़त अपने नाम कर ली। इसके बाद उन्होंने दबाव के बीच अपना संयम बनाए रखा और भारत के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण सुनिश्चित किया।

वहीं तीरंदाज कुमकुम ने दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को शूट-ऑफ में 6-5 से मात दी। दोनों तीरंदाजों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और पांच सेट के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था। स्वर्ण पदक का फैसला एक तीर के शूट-ऑफ से हुआ।

 ओ येजिन ने 8 अंक का निशाना लगाया, जबकि कुमकुम ने दबाव के बीच शानदार 10 अंक हासिल कर ऐतिहासिक स्वर्ण अपने नाम कर लिया। दोनों फाइनलिस्ट ने अपने-अपने देशों के लिए लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का एक-एक व्यक्तिगत कोटा स्थान भी हासिल किया। (हि.स.)