Asian Games 2026 : गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान, टीम इंडिया ने श्रीलंका को 124 रनों से रौंदा
निशिन । भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन खेल (Asian Games 2026) के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से रौंदकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां स्वर्ण पदक मुकाबले में उनका सामना शनिवार को पाकिस्तान से होगा। श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के नाबाद अर्धशतक (80 रन) और वैभव सूर्यवंशी को 38 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 169 रन बनाए, जवाब में श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में केवल 45 रनों पर सिमट गई।
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की खराब शुरुआत रही और जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में सिनेथ जयवर्धने (00) और सोहन डी लिवेरा (00) को पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी करने आए और पहली ही गेंद पर लसिथ क्रूसपुल्ले (00) भी रन आउट हो गए।
इसके बाद अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में कप्तान सहान अराचिगे (09) और आशेन बंडारा (00) को पवेलियन भेजकर श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट पर 18 रन कर दिया। पांचवें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर को दो छक्के लगाने के बाद नुवानिदु फर्नांडो 31 के कुल स्कोर पर 15 रन बनाकर रन आउट हो गए। सुंदर ने गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डाली फर्नांडो ने बैकफुट पर जाकर बैकवर्ड पॉइंट की तरफ़ गेंद को धकेला और दौड़ पड़े, चमिका करुणारत्ने ने पहले तो प्रतिक्रिया दी लेकिन फिर रुक गए लेकिन तब तक फर्नांडो बीच पिच पर आ चुके थे, अक्षर के आसान थ्रो पर संजू सैमसन विकेट की गिल्ली उड़ाकर फर्नांडो को पवेलियन भेज दिया।
सातवें ओवर में 33 के कुल स्कोर पर सुंदर ने वनुजा सहान (01) को आउट कर श्रीलंका को सातवां झटका दिया। सहान ने रिवर्स स्वीप किया और गेंद सीधे फर्स्ट स्लिप में चली गई और अभिषेक शर्मा ने आसान-सा कैच पकड़ा। 10वें ओवर में 45 के कुल स्कोर पर तिलक वर्मा ने सीधे थ्रो पर थरिंदु रत्नायके को रन आउट कर श्रीलंका को आठवां झटका दिया। रत्नायके ने 5 रन बनाए। श्रीलंकाई पारी में यह तीसरा रन आउट था।
अगली दो गेंदों पर अभिषेक शर्मा ने दो विकेट लेकर केवल 45 रनों पर श्रीलंकाई पारी का अंत किया। अभिषेक के इस ओवर में केवल 5 गेंदों पर श्रीलंकाई टीम के 3 विकेट गिरे, अभिषेक की चौथी गेंद पर चमिका करुणारत्ने (04) को संजू सैमसन ने स्टम्प आउट किया और अगली ही गेंद पर बिनुरा फर्नांडो (00) बोल्ड हो गए। इस तरह श्रीलंका की टीम की टीम 9.5 ओवर में केवल 45 रनों पर सिमट गई। (हि.स.)
