home page

अभिषेक शर्मा बोले -वेस्टइंडीज को वापसी का मौका नहीं देना चाहते थे

- इंदौर में तीसरे टी-20 मैच में जीत के बाद टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे 
 | 
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा
इंदौर में खेले गये भारत और वेस्टइंडीज टी 20 सीरीज में टीम इंडिया की जीत के बाद बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत की। 
 

इंदौर। भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा कि टीम को पता था कि वेस्टइंडीज किसी भी समय मैच का रुख पलट सकती है। इसलिए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों को लगातार दबाव बनाए रखना था और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं देना था। भारत ने पांच मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।

इंदौर में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि नमन धीर ने दो विकेट हासिल किए। हालांकि, वेस्टइंडीज के शमार स्प्रिंगर ने आखिरी ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया। उन्होंने केवल 11 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक ने कहा कि भारतीय टीम को वेस्टइंडीज की वापसी करने की क्षमता का पूरा अंदाजा था। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज ऐसी टीम है जिसके खिलाफ आप कभी नहीं कह सकते कि मुकाबला पूरी तरह आपके पक्ष में आ गया है। यह बात हमारे दिमाग में थी, क्योंकि हमने पिछले मैच में भी देखा कि यहां की परिस्थितियों में क्रीज पर आने वाला कोई भी बल्लेबाज किसी भी समय मैच को अपने पक्ष में कर सकता है। इसलिए यह बात हमारे दिमाग में थी। यहां तक कि जब विकेट गिर रहे थे, तब भी टीम के बीच बातचीत यही थी कि हमें आगे से बेरहम बने रहना है, उन्हें मुकाबले में वापसी का मौका नहीं देना है और उन्हें एक भी ऐसा अवसर नहीं देना है, जिससे वे मैच में लौट सकें।”  (हि.स.)