राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा
— अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में आज आ सकता है फैसला
| Oct 26, 2026, 11:26 IST
अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं पर राहुल गांधी सुरक्षित हैं।
सुल्तानपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां सोमवार सुबह सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आपस में टकरा गईं। बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार के चलते हुआ। इसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। राहुल गांधी सुरक्षित हैं।
राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचने वाले हैं। वह अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में MP-MLA कोर्ट में पेश होंगे। कोर्ट आज इस मामले में फैसला सुना सकती है। कोर्ट ने राहुल को पेश होने के लिए कहा था।
बता दें कि भाजपा नेता विजय मिश्रा ने अगस्त 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। आरोप है कि राहुल ने 8 मई 2018 को बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था, 'जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसके अध्यक्ष पर हत्या का आरोप है।'
