home page

राहुल गांधी ‘फेल्ड प्रोडक्ट’, BJP का कांग्रेस नेता पर तीखा हमला

-राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति पर उठाए सवाल
 | 
भाजपा का कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता को  ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस की हालत ‘जल बिन मछली’ जैसी हो गई है।
 

 

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता को  ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस की हालत ‘जल बिन मछली’ जैसी हो गई है। 

भाजपा  (BJP) मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहले कहा था कि कांग्रेस एक ‘फेल्ड प्रोडक्ट’ को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश कर रही है। अब इस कोशिश में पार्टी ने केवल अपने राजनीतिक भविष्य को ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक व्यवस्था को भी दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का आकलन तथ्यों और घटनाओं के आधार पर किया जा सकता है। उन्होंने राहुल गांधी को कांग्रेस के लिए लगातार समस्याएं पैदा करने वाला नेता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्रैक रिकॉर्ड उपलब्धियों से भरा है, जबकि राहुल गांधी का राजनीतिक रिकॉर्ड कांग्रेस के लिए मुश्किलों से भरा रहा है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वर्ष 2014 में राहुल गांधी कांग्रेस के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल थे। इसके बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी अब तक की सबसे कम सीटों के स्तर पर पहुंच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व और पार्टी में किए गए विभिन्न प्रयोगों से कांग्रेस को अपेक्षित राजनीतिक सफलता नहीं मिली।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति और कांग्रेस में किए गए प्रयोगों का परिणाम पार्टी के लिए लगातार चुनौतियों के रूप में सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उपलब्धियों की तुलना करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी बार-बार उन्हीं राजनीतिक प्रयोगों को दोहराकर अपनी स्थिति सुधारने की कोशिश कर रही है।  (हि.स.)