मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार, यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर गोली चलवाने का आरोप
नई दिल्ली। साल 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में FBI ने गिरफ्तार कर लिया है।
हिमांशु पर दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में हत्या, हत्या का प्रयास , रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे करीब 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई है।
इंटरपोल ने उसके खिलाफ 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।
हिमांशु वर्ष 2022 में हरियाणा में 24 घंटे में तीन हत्याओं के बाद चर्चा में आया था। उसकी लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से दुश्मनी मानी जाती है।
बता दें कि 24 वर्षीय हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला है। उसने 17 साल की उम्र में रोहतक की सब्जी मंडी इलाके में जबरन वसूली करके अपराध की दुनिया में कदम रखा था।
