राजस्थान में भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट- पीटकर हत्या
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई। पत्नी कमलेश ने बताया कि अतर सिंह रविवार शाम 6:30 बजे भौंड़ा गांव में अपने क्रेशर खनन लीज (प्लांट) पर पहुंचे थे। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने उन पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में अतर सिंह और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले वैर अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद अतर सिंह को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर कर दिया गया। SMS थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया- अतर सिंह की SMS हॉस्पिटल में रात 11:30 बजे अतर सिंह की मौत हो गई।
पूर्व विधायक पर हमले के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है। घटना के बाद से गांव में कोई पुरुष नहीं है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं।
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हरियाणा के फरीदाबाद के पाली गांव के रहने वाले थे। 2003 में वैर से भाजपा से विधायक बने थे।
