home page

हाईजैक के अलर्ट के बाद एअर इंडिया के विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

- जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली आ रहा था विमान
 | 
हाईजैक अलर्ट के बाद एअर इंडिया के विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

 

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की वहां  इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के मुताबिक पायलट ने अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को हाईजैक का सिग्नल भेजा था। इसके बाद आनन फानन में विमान को जयपुर में उतारा गया। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया के इस विमान ने 13 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। उसे बुधवार सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था। सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कुछ सेकंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड का संकेत मिला। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल हाईजैक की स्थिति में किया जाता है। 

इसके बाद सुरक्षा संबंधी सूचना जयपुर एटीसी के साथ साझा की गई। सुबह करीब 9:10 बजे विमान का मार्ग बदलकर जयपुर की ओर कर दिया गया। विमान ने करीब 9:45 बजे जयपुर हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। विमान और यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने या जांच के अंतिम नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।