उरुग्वे में H5N1 वायरस मिलने से हड़कंप, देश में हेल्थ इमरजेंसी घोषित
मोंटेवीडियो। उरुग्वे में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस (H5N1) मिलने से हड़कंप मच गया है। सरकार ने देशभर में स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पोल्ट्री की आवाजाही पर सख्त प्रतिबंध लगाने के साथ पक्षियों से जुड़े मेलों, नीलामी और सार्वजनिक प्रदर्शनियों पर भी रोक लगा दी है।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक पशुधन, कृषि और मत्स्य पालन मंत्रालय के तहत पशुधन सेवा महानिदेशालय ने दक्षिण-पश्चिमी कोलोनिया क्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा के संक्रमण की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में पक्षियों की मौत के बाद जांच शुरू की गई थी। शुरुआती रैपिड टेस्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन बाद में सरकारी प्रयोगशाला की जांच में H5 वायरस की मौजूदगी सामने आई।
क्या है एच5एन1 वायरस
एवियन इन्फ्लूएंजा (एच5एन1) का एक अत्यधिक रोगजनक उपप्रकार है, जो मुख्य रूप से पक्षियों को संक्रमित करता है। संक्रमित पक्षियों के निकट संपर्क में आने पर यह मनुष्यों को भी संक्रमित कर सकता है। हालांकि, मनुष्य से मनुष्य में इसके लगातार प्रसार का प्रमाण नहीं मिला है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बीमार या मृत पक्षियों को सीधे न छुएं और ऐसे मामलों की सूचना संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को दें। (हि.स.)
