बॉक्स ऑफिस पर सुपरस्टार रजनीकांत की दहाड़ , 'जेलर 2' ने पहले ही दिन कमा डाले 125 करोड़
मुंबई(हि.स.)। सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' ने 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में धमाकेदार दस्तक दी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 59.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने देशभर में 16,599 से अधिक शोज के जरिए यह कमाई की। दुनियाभर में इसका पहले दिन का कारोबार 125.25 करोड़ रुपये रहा।
फिल्म की कमाई में तमिल संस्करण का सबसे बड़ा योगदान रहा। तमिल भाषा में 9,326 शोज से 43.35 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जबकि तेलुगू संस्करण ने 2,792 शोज के जरिए 12.50 करोड़ रुपये जुटाए। वहीं, कन्नड़ संस्करण से 35 लाख रुपये का कारोबार हुआ। इन आंकड़ों के बीच हिंदी संस्करण की कमाई अपेक्षाकृत कम रही।
हिंदी पट्टी में फिल्म की रिलीज प्रभावित होने का असर भी इसके कारोबार पर पड़ा। ओटीटी रिलीज से जुड़ी विंडो के विवाद के कारण उत्तर भारत के पीवीआर-आईनॉक्स सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। हिंदी संस्करण ने 4,371 शोज से केवल 3.50 करोड़ रुपये कमाए। हालांकि, पहले दिन के कुल कारोबार से फिल्म ने मजबूत शुरुआत की है, लेकिन अब इसके सामने 'कुली' की ओपनिंग का रिकॉर्ड पार करने की चुनौती होगी।
