फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को लगी बंपर ओपनिंग, पहले ही दिन कमा डाले 66.75 करोड़
एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को बंपर ओपनिंग लगी है। फिल्म ने पहले ही दिन 66.75 करोड़ रुपए की कमाई कर डाली। यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में अजय देवगन विजय सलगांवकर के रोल में लौटे हैं।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 15,759 शोज से 66.75 करोड़ रुपए नेट कमाए। इसका ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। विदेशों में फिल्म ने 15 करोड़ रुपए कमाए। इससे इसकी कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 95.10 करोड़ रुपए हो गई है।
‘दृश्यम 3’ इस साल किसी हिंदी फिल्म की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। यह सिर्फ ‘धुरंधर द रिवेंज’ से पीछे है। इसने शाहरुख खान की ‘पठान’ की 57 करोड़ रुपए और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ की 63 करोड़ रुपए की ओपनिंग भी पार कर ली।
ये फिल्म अजय देवगन की कई हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म तान्हाजीः द अनसंग वॉरियर है, जिने कुल 361 करोड़ कमाए थे।
