'कल्कि 2898 एडी 2' में भैरव की वापसी, प्रभास के जन्मदिन पर मेकर्स ने दिया सरप्राइज गिफ्ट
मुंबई। साउथ सिनेमा के सुरस्टार प्रभास के जन्मदिन पर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी 2' के मेकर्स ने फैन्स को खास तोहफा दिया है। फिल्म के सेट से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें प्रभास एक बार फिर भैरव के किरदार में नजर आ रहे हैं।
इस झलक ने फिल्म के सीक्वल को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। निर्माताओं ने प्रभास को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा का सुपरहीरो और हर पीढ़ी का पसंदीदा सितारा बताया।
जारी वीडियो में प्रभास फिल्म के सेट पर दिखाई दे रहे हैं, जहां निर्देशक नाग अश्विन उन्हें एक दृश्य के लिए निर्देश देते नजर आते हैं। पर्दे के पीछे की यह झलक फिल्म की शूटिंग की एक छोटी सी तस्वीर पेश करती है। 'कल्कि 2898 एडी' में भैरव के किरदार में प्रभास के अंदाज, एक्शन और स्वैग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। ऐसे में उनके इस किरदार की वापसी ने सीक्वल को लेकर प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी और इससे जुड़ी अन्य जानकारियों को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी 'कल्कि 2898 एडी' वर्ष 2024 में रिलीज हुई थी। फिल्म में प्रभास के साथ अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पटानी ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। भारतीय पौराणिक कथाओं और भविष्य की काल्पनिक दुनिया को जोड़ने वाली इस फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म ने इस साल दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी अपने नाम किए। अब प्रशंसकों को इसके अगले भाग का इंतजार है, जिसमें प्रभास एक बार फिर भैरव के रूप में नजर आएंगे। (हि.स.)
