चीनी हो सकती है सस्ती, आयात टैक्स फ्री हुआ
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 31 अक्टूबर तक 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के आयात को शुल्क मुक्त रखने की अनुमति दी है। यह फैसला उद्योग में कच्चे माल की उपलब्धता बनाए रखने और आपूर्ति प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए है। इस वजह से आने वाले समय में चीनी के दाम घट सकते है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर कच्ची चीनी के आयात की नीति शर्तों में संशोधन किया है। इसके तहत 10 लाख मीट्रिक टन की टैरिफ रेट कोटा के अंतर्गत शुल्क मुक्त रखा गया है।
इसके अलावा, अग्रिम ऑथराइजेशन को एक बार टैरिफ रेट कोटा योजना में बदलने का विकल्प दिया गया है। यह सुविधा अधिसूचना की तारीख तक आयातित कच्ची चीनी की मात्रा पर लागू होगी। आयातित कच्ची चीनी से बनी रिफाइंड चीनी को 31 अक्टूबर तक बाजार में बेचना होगा।
बता दें कि भारत दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। अक्टूबर के दौरान देश में दिवाली और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार आते हैं, जिसमें मिठाई, केक और पकवानों की भारी डिमांड के कारण शक्कर की खपत सबसे ज्यादा होती है। इसके अलावा, बिस्कुट और मिठाई कंपनियां भी चीनी का स्टॉक जमा करने लगती हैं। त्योहारों से ठीक पहले बिना टैक्स के इतनी बड़ी मात्रा में चीनी बाजार में आने से सप्लाई चेन मजबूत होगी और हलवाइयों से लेकर आम जनता को महंगे दामों से राहत मिलेगी।
