ग्राहकों को झटका, ब्लिंकिट, जेप्टो और बिगबास्केट ने चीन खरीदने की तय की लिमिट
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन की शुरूआत से ठीक पहले ब्लिंकिट, जेप्टो और अमेजन जैसी ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों ने ग्राहकों को झटका देते हुए चीन खरीद की लिमिट तय कर दी है।
ब्लिंकिट ने एक बार में अधिकतम 5 किलो, स्विगी इन्स्टामार्ट ने 1-1 किलो के 2 पैकेट या 5 किलो का 1 पैक, बिगबास्केट ने अधिकतम 6 किलो वहीं डीमार्ट और रिलायंस ने 2 से 3 किलो प्रति ग्राहक की लिमिट तय की है।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर लगी इस खरीद सीमा का सबसे ज्यादा असर बड़े संयुक्त परिवारों, शादी-विवाह की तैयारियों में जुटे आयोजकों और छोटे कैटरर्स पर पड़ रहा है। जिन परिवारों को 15 से 25 किलो चीनी की जरूरत है, उन्हें अब अलग-अलग ऐप्स से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ऑर्डर करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें बार-बार डिलीवरी फीस और हैंडलिंग चार्ज चुकाना पड़ रहा है।
नतीजतन, क्विक कॉमर्स पर निर्भर रहने वाले शहरी उपभोक्ता अब एक बार फिर अपने नजदीकी पारंपरिक किराना स्टोर्स और थोक गल्ला मंडियों का रुख कर रहे हैं, जहां चीनी बिना किसी पाबंदी के बोरी और खुले वजन में आसानी से उपलब्ध हो रही है।
